रीवा में भीषण अग्निकांड, पटाखा कारोबारी के घर भड़की आग, फायरमैन समेत 4 झुलसे
रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। यहाँ वार्ड क्रमांक 6 में एक पटाखा व्यवसायी के घर में भीषण आग लग गई, तीसरी मंजिल पर लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, इस हादसे में दो युवकों सहित आग बुझाने पहुँचा एक फायरमैन भी बुरी तरह झुलस गया है। सभी घायलों को नाजुक हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल के बर्न डिपार्टमेंट में भर्ती कराया गया है,गुढ़ थाना क्षेत्र का वार्ड नंबर 6 आज अचानक धमाकों और चीख-पुकार से दहल उठा। यहाँ एक पटाखा कारोबारी के मकान की तीसरी मंजिल पर रखे पटाखों के ड्रम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। धुएं के गुबार और उठती लपटों को देख इलाके में हड़कंप मच गया, हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुँची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन आग बुझाने की कोशिश में जुटे एक फायरमैन भी लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। इस अग्निकांड में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें महबूब रजा और राहुल खान की हालत बेहद गंभीर यानी क्रिटिकल बताई जा रही है, बताया जा रहा है कि घर के अंदर भारी मात्रा में पटाखे रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम झुलसे हुए लोगों का उपचार कर रही है।

















