रीवा में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए, नगर निगम ने बेघर और बेसहारा लोगों के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की है, अब सड़क किनारे रात गुजारने वाले गरीबों को ठिठुरना नहीं पड़ेगा।

सर्दियों के मौसम को देखते हुए, रीवा नगर निगम द्वारा आश्रय स्थलों और रैन बसेरों को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। इसके अलावा, एक विशेष मोबाइल वैन सेवा भी शुरू की गई है। यह मोबाइल वैन विशेष तौर पर उन बेघर और बेसहारा लोगों के लिए है, जिनके पास ठंड से बचने के लिए सिर पर छत नहीं है। यह वैन रात 9 बजे से 11 बजे के बीच संचालित की जाती है। वैन शहर के विभिन्न चौराहों और स्थानों से ऐसे गरीब लोगों को ढूंढकर सुरक्षित रैन बसेरों तक पहुँचाती है, जहाँ उनके ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है।

ठंड से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा एक और ज़रूरी कदम उठाया जा रहा है। रीवा के सभी प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।


















