रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन की ठोकर लगने से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। यह पूरी घटना रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत तेंदुआ कोठार गांव की है, जहां रविवार की शाम यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ लोग छत्तीसगढ़ से प्रयागराज की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान तेंदुआ गांव के पास वाहन की बाइक से भिडंत हो गई। जिसके बाद वाहन ने अनियंत्रित होकर घर के बाहर खड़े लोगों को ठोकर मार दी।घटना के बाद स्कॉर्पियो वाहन जाकर बिजली के खंभे से टकरा गया जिसके चलते खंबा उखड़कर जमीन पर गिर गया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में तीन लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे है, जिनमें रामनरेश साकेत, रुचि साकेत और रंजना साकेत शामिल है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया, लोगों का आरोप है कि घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


















