रीवा में बाइकर्स गिरोह के सदस्यों ने शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर एक बार फिर चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे पाती इससे पहले घटना को अंजाम देने के बाद बाइकर्स गिरोह के सदस्य मौके से फरार हो गए। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए पांडेन टोला निवासी पीड़िता कुसुम नामदेव ने बताया कि वह संजय गांधी अस्पताल में अपनी आंखों का उपचार कराने के बाद पैदल ही घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान स्कूल के करीब एक बाइक में युवक युवती बैठे थे।

युवती ने अपना मुंह ढक कर रखा था मैं जैसे ही उनके पास से गुजरी तो पीछे से आए एक अन्य युवक ने झपट्टा मारते हुए मेरी चेन तोड़ी और दौड़कर युवक युवती की बाइक में बैठा और मौके से फरार हो गए। घटना होने के बाद मैं किसी तरह डरी सहमी अपने घर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी परिवार के सदस्यों को दी, घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मेरे परिवार के सदस्यों ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है।


















