लालगांव में श्मशान घाट की बदहाली से ग्रामीण नाराज, सड़क पर अंतिम संस्कार की दी चेतावनी
रीवा जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत लालगॉव में श्मशान घाट की दयनीय हालत से लोग परेशान हैं। आज दो दर्जन से ज़्यादा ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों में उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे सड़क पर ही अंतिम संस्कार करेंगे।लालगॉव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि श्मशान घाट तक जाने का रास्ता नहीं है, जिससे शव ले जाने में बहुत परेशानी होती है और एंबुलेंस भी वहाँ नहीं पहुँच पाती। ग्रामीणों ने श्मशान घाट के लिए 12 फीट के रास्ते जमीन के समतलीकरण बाउंड्री वॉल, टिन शेड और बैठने के लिए कमरे की मांग की है।ग्रामीणों ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनका साफ कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे लालगॉव चौराहे (बस स्टैण्ड) पर ही अंतिम संस्कार करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी। ग्रामीणों ने जरूरत पड़ने पर चक्का जाम जैसे उग्र प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है। इस चेतावनी के बाद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।


















