रीवा के करहिया मंडी में पुलिस का मानवीय चेहरा, भूखे-प्यासे किसानों को बांटे बिस्किट और पानी
रीवा में खाद की भारी किल्लत से किसान परेशान हैं और अपनी फसल बचाने के लिए रात-रात भर लाइन में लगे हैं। ऐसे में जब प्रशासन के अन्य विभाग नदारद रहे, तब रीवा पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए किसानों को राहत पहुंचाई।रीवा की करहिया मंडी में पिछले कई दिनों से खाद के लिए किसान परेशान हो रहे हैं। आज रात टोकन वितरण में धांधली का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस के अलावा राजस्व विभाग का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था।हालात बिगड़ने पर भी पुलिस ने संयम से काम लिया। एसपी विवेक सिंह के निर्देशन में सीएसपी रितु उपाध्याय और अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल सहित कई थानों का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने किसानों को समझाने के साथ ही उनकी मदद भी की। रात भर भूखे-प्यासे लाइन में खड़े किसानों को पुलिस ने बिस्किट के पैकेट और पानी की बोतलें बांटीं, जिससे उन्हें काफी राहत मिली।पुलिस ने किसानों को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। इस पूरी घटना में रीवा पुलिस का एक बार फिर मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसने मुश्किल की घड़ी में किसानों का साथ दिया।


















